तेलंगाना में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से संवाद किया और कृषि विकास, विविधिकरण व MIS योजना पर चर्चा की। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के अंतर्गत किसानों से संवाद किया। इस अभियान का उद्देश्य कृषि में नवीन तकनीकों को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी और उत्पादन को बढ़ाना है। मंत्री ने मनसनपल्ली और रामचंद्रगुडा गांव में किसानों से मुलाकात की और उनकी खेती के विविधिकरण और एकीकृत खेती के प्रयासों की सराहना की।
कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की कृषि उन्नति के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि कृषि ही आज भी देश की आधी आबादी की आजीविका का प्रमुख स्रोत है और इसमें सुधार से ही देश का समग्र विकास संभव है।
उन्होंने कहा कि इस साल कृषि की विकास दर 5.4 प्रतिशत तक पहुंची है, जो किसानों की मेहनत का परिणाम है। आगे बढ़ने के लिए उन्होंने चार मुख्य लक्ष्य बताए:
-
देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और अन्न भंडार को मजबूत बनाना,
-
किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाना,
-
पूरे देश में पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराना,
-
आने वाली पीढ़ी के लिए भूमि की उर्वरकता बनाए रखना।
मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहानने वैज्ञानिकों और किसानों के सहयोग से ‘लैब से लैंड’ तक पहुंचाने वाले प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि 16,000 वैज्ञानिकों की 2,170 टीमों के माध्यम से क्षेत्र विशेष की जरूरतों और जलवायु के अनुसार खेती की सही तकनीक किसानों तक पहुंचाई जा रही है।
मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रंगारेड्डी जिले में पाम ऑयल, पपीता, टमाटर और फूलों की खेती के नवाचारों की भी सराहना की और किसानों द्वारा अपनाए जा रहे उन्नत कृषि मॉडल्स को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बाजार हस्तक्षेप योजना (MIS) भी शुरू की है, जिसके तहत किसानों को टमाटर, आलू और प्याज के उत्पादन के लिए परिवहन और भंडारण लागत में सहायता मिलेगी।
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अंत में किसानों को विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में नीतियां किसानों के हित में बनाई जा रही हैं और उनकी समृद्धि के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य कृषि मंत्री श्री भागीरथ चौधरी, तेलंगाना के कृषि मंत्री श्री तुम्मला नागेश्वर राव, सांसद श्री कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सांसद चामला किरण कुमार रेड्डी, विधायक, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम एल जाट, वैज्ञानिक, भारत सरकार व राज्य सरकार के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
For more news: India