Table of Contents
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर और 4 बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी दी, जिससे 6 इलाकों में सुधार, छठ घाट और ट्रैफिक सुविधा बेहतर होगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर के कायाकल्प और भव्य छठ घाटों के निर्माण की आधारशिला रखकर एक ऐतिहासिक शुरुआत की। यह परियोजना पूर्वांचल और दिल्ली के लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। अगले छठ पूजा तक यह नहर आस्था, स्वच्छता और आधुनिकता का प्रतीक बनेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस परियोजना के जरिए श्रद्धालु अब गंदगी में नहीं बल्कि सुरक्षित, स्वच्छ और सुंदर घाट पर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर पाएंगे। नहर और उसके आसपास के क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेंगे। इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेवाल, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, वजीरपुर विधायक पूनम भारद्वाज, केशवपुरम भाजपा जिलाध्यक्ष अजय खटाना और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
दिल्ली के 6 इलाकों को मिलेगा लाभ
इस परियोजना से शालीमार बाग, पीतमपुरा, केशवपुरम, नेताजी सुभाष प्लेस, पंजाबी बाग और कोहाट एन्क्लेव में रहने वाले लाखों लोग सीधे लाभान्वित होंगे। नहर के सौंदर्यीकरण और विकास के बाद प्रतिदिन 30,000 से अधिक लोग यहाँ आने और सैर-सपाटा करने में सक्षम होंगे। नहर के पास नई सड़कें और चौड़ा किया गया सिंगलपुर पुल ट्रैफिक को आसान बनाएगा और आसपास के इलाकों में आधुनिक और सुरक्षित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
ट्रैफिक जाम से मुक्ति
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी घोषणा की कि नहर के ऊपर 5,000 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। यह सड़क इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से यूईआर-2 तक जाएगी, जिससे रोहिणी और बाहरी दिल्ली जाने वाले लोग गलियों में फंसे बिना सफर कर पाएंगे। यह कदम न केवल नहर के सुधार के लिए बल्कि पूरे इलाके के सतत विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।
also read: उत्तर प्रदेश दिवस-2026: ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ होगा मुख्य…
प्रोजेक्ट-1: मुनक नहर का सौंदर्यीकरण
इस योजना के तहत नहर की पूरी सफाई की जाएगी, जमा कीचड़ और कचरे को हटाया जाएगा और साफ पानी बहने का इंतजाम किया जाएगा। दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियों वाले आधुनिक छठ घाट बनाए जाएंगे। किनारों पर पेड़-पौधे और पार्क विकसित किए जाएंगे, जिससे यह स्थल पूजा-पाठ और सामाजिक आयोजनों के लिए आदर्श केंद्र बनेगा।
प्रोजेक्ट-2: नहर के दोनों किनारों पर सर्विस रोड
नहर के दोनों किनारों पर नई सर्विस रोडें बनाई जाएंगी, जिसमें पक्की सड़कें, इंटरलॉकिंग टाइलें और सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित फुटपाथ और गाड़ियों के लिए व्हील गार्ड की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे इलाके में रोशनी बेहतर होगी और आने-जाने की सुविधा और सुरक्षा दोनों बढ़ेंगी।
प्रोजेक्ट-3: डबल लेन ब्रिज का निर्माण
सिंगलपुर पुल के पास नया डबल लेन ब्रिज बनाया जाएगा, जो स्टील और कंक्रीट की आधुनिक तकनीक से तैयार होगा। पुल के चौड़े होने से पीतमपुरा और शालीमार बाग के बीच पुराने ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होगी और आउटर रिंग रोड तक पहुंचना आसान होगा।
प्रोजेक्ट-4: मुनक नहर पर बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण
आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन तक नहर के किनारे प्रीकास्ट आरसीसी बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा। इसके तहत हरियाली, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और आधुनिक सजावट की जाएगी। इस बदलाव के बाद नहर और आसपास का क्षेत्र दिल्ली के प्रमुख सार्वजनिक आकर्षण स्थलों में शामिल होगा।