देवभूमि उत्तराखंड ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवाओं की प्रतिभा और उपलब्धियों का जश्न मनाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला और युवक मंगल दलों को सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त दलों को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सनातन संस्कृति, दर्शन और आध्यात्म की भूमि रहा है। स्वामी विवेकानंद ने भी इस पावन भूमि पर तपस्या और साधना कर ज्ञान अर्जित किया। अब उन्हीं स्थलों को चिन्हित कर राज्य में स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक स्थल बनेगा।
also read: देहरादून: CM धामी ने सूचना विभाग का नववर्ष 2026 कैलेंडर…
सीएम ने युवाओं से कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में उन्हें फ्यूचर-रेडी बनना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र के पुनर्जागरण का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया और कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी पूंजी है। उनके परिश्रम, संकल्प और प्रतिभा से ही एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।
खेल और युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों की सर्वोच्चता को विश्व स्तर पर स्थापित किया। इस अवसर पर विधायक खजानदास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा और निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
विजेता दल:
-
महिला मंगल दल: धापला (नैनीताल) – प्रथम, सेमा (चमोली) – द्वितीय, बनाली (टिहरी गढ़वाल) – तृतीय
-
युवक मंगल दल: मोख मल्ला (चमोली) – प्रथम, सुनरपुर रैक्वाल (नैनीताल) – द्वितीय, चौड़ीराय (चंपावत) – तृतीय
साथ ही भाषण प्रतियोगिता और एनएसएस पुरस्कार विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। एनएसएस की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 2,24,320 रुपये का चेक भी सौंपा गया।