केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे बिहार के भागलपुर में राजग कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे थे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मंत्री का स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता दी गई।
also read: राजनाथ सिंह का बड़ा बयान, 26 पर्यटकों की मौत का बदला लेकर…
चिकित्सकों ने उन्हें वायरल बुखार का शिकार बताया, और बाद में जांच में टाइफाइड की पुष्टि हुई। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही है। आवश्यक दवाइयों के सेवन के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। हालांकि, बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना ले जाने की संभावना जताई जा रही है, और इसके लिए एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की जा सकती है।
जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सहायक प्राध्यापक डॉ. आनंद सिन्हा ने बताया कि टाइफाइड की पुष्टि के बाद मंत्री को स्लाइन चढ़ाया गया है। वहीं, भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और सिविल सर्जन डॉ. एस प्रसाद ने जिला परिसदन पहुंचकर मंत्री की तबीयत की जानकारी ली और चिकित्सकों को उनकी स्थिति पर चौबीस घंटे नजर रखने का निर्देश दिया।