राजस्थान बजट 2026-27: उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने 1400 करोड़ रुपये की घोषणा की। प्रदेश की क्षतिग्रस्त और नॉन-पेचेबल सड़कों व पुलियों के नवीनीकरण और सुधार के लिए योजना शुरू।
राजस्थान बजट 2026-27: राजस्थान सरकार प्रदेश के बुनियादी ढांचे (Infrastructure) को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण मंत्री दीया कुमारी ने विधानसभा में घोषणा की कि राज्य की क्षतिग्रस्त और नॉन-पेचेबल सड़कों के नवीनीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए बजट 2026-27 में 1400 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है।
प्राथमिकता के आधार पर होगा सड़कों का चयन
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़कों और पुलियाओं के जीर्णोद्धार का कार्य ‘पारस्परिक प्राथमिकता’ के आधार पर किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य उन सड़कों को पहले दुरुस्त करना है जो लंबे समय से खराब हैं या आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
also read: राजस्थान: अब दो से ज्यादा बच्चे वाले भी पंचायत और नगर…
देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की स्थिति
विधायक राजेंद्र गुर्जर द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए दीया कुमारी ने विशेष रूप से देवली-उनियारा क्षेत्र के कार्यों का विवरण साझा किया:
-
कुल बजट: इस क्षेत्र में 6 सड़कों और 15 पुलियाओं के लिए 17.15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
-
प्रगति: स्वीकृत 6 सड़कों में से 2 का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 4 अन्य पर काम तेजी से चल रहा है।
-
पुलियाओं की स्थिति: क्षेत्र की 52 क्षतिग्रस्त पुलियाओं में से 15 स्वीकृत कार्यों में 1 पूर्ण हो चुका है और 12 प्रगति पर हैं।
-
समायोजन: विधायक की अनुशंसा पर स्टेट हाईवे-29 से अनवार नगर के कार्य को निरस्त कर उसकी राशि को ‘गुराई से जेल रोड’ के कार्य में समायोजित करने की प्रक्रिया अपनाई गई है।
अतिवृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई
मंत्री ने सदन को अवगत कराया कि हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण देवली-उनियारा में 12 सड़कें और 52 पुलिया क्षतिग्रस्त हुई थीं। इनके सुधार के लिए SDRF (राज्य आपदा राहत कोष) मद से भी सहायता ली गई है। सरकार का संकल्प है कि वर्षा या अन्य कारणों से खराब हुई सड़कों को जल्द से जल्द चलने लायक बनाया जाए।