प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बीकानेर दौरा, करणी माता मंदिर में किए दर्शन, देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, 26,000 करोड़ की परियोजनाएं लॉन्च
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर में करणी माता मंदिर में माथा टेक कर आशीर्वाद लिया और पुनर्विकसित देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ₹26,000 करोड़ से अधिक लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिनमें रेलवे, सड़क, जल, बिजली और ऊर्जा से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
करणी माता मंदिर में पूजा-अर्चना
बीकानेर दौरे की शुरुआत पीएम मोदी ने देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन कर की। धार्मिक श्रद्धा और आस्था के इस केंद्र पर उन्होंने माथा टेका और देशवासियों की सुख-शांति की कामना की।
रेलवे स्टेशन का लोकार्पण और अमृत भारत योजना की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशनोक रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए स्वरूप में जनता को समर्पित किया। इसके अलावा उन्होंने देशभर के 103 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का एकसाथ वर्चुअल उद्घाटन किया, जिन पर ₹1,100 करोड़ से अधिक खर्च किए गए हैं।
बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
इस अवसर पर पीएम मोदी ने बीकानेर से मुंबई के बीच चलने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जिससे राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।
रेलवे और ऊर्जा सेक्टर में कई बड़ी घोषणाएं
प्रधानमंत्री ने राजस्थान को रेलवे क्षेत्र में कई सौगातें दीं:
-
चूरू-सादुलपुर नई रेलवे लाइन (58 किमी)
-
सूरतगढ़-फलोदी रेलवे विद्युतीकरण (336 किमी)
-
फुलेरा-डेगाना रेलवे विद्युतीकरण (109 किमी)
-
उदयपुर-हिम्मतनगर विद्युतीकरण (210 किमी)
-
फलोदी-जैसलमेर विद्युतीकरण (157 किमी)
-
समदड़ी-बाड़मेर विद्युतीकरण (129 किमी)
आतंकवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सख्त संदेश
अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने हाल में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए आतंकियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा:
“जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया गया है। अब भारत हर कतरे का हिसाब चुकता कर रहा है।”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया आभार
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा,
“अमृत भारत योजना और अन्य परियोजनाओं से राजस्थान के विकास को नई गति मिलेगी। हम इसके लिए प्रधानमंत्री के आभारी हैं।”
For more news: India