प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को वाराणसी दौरे पर रहेंगे, जहां वे 2200 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें दालमंडी चौड़ीकरण योजना भी शामिल है, जिससे काशी विश्वनाथ धाम जाने का रास्ता सुगम होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर पहुंचने वाले हैं, जहां वह जनपद को लगभग 2200 करोड़ रुपये की 52 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन महत्वाकांक्षी योजनाओं में सबसे चर्चित है दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना, जिसे लेकर लंबे समय से स्थानीय स्तर पर विरोध और चर्चा बनी हुई थी।
काशी विश्वनाथ तक मिलेगा सुगम मार्ग
वाराणसी के सबसे व्यस्त और ऐतिहासिक थोक बाजार दालमंडी की संकरी गलियों का अब कायाकल्प होने जा रहा है। इस परियोजना के तहत गलियों को चौड़ा कर काशी विश्वनाथ धाम तक आम लोगों और श्रद्धालुओं की पहुंच को आसान बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस योजना की आधारशिला सेवापुरी-कालिका धाम में आयोजित एक जनसभा से रखेंगे।
पहले ही मुख्यमंत्री ने दिए थे निर्देश
इस परियोजना की रूपरेखा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी दौरे के दौरान तय की गई थी। सीएम योगी ने चौड़ीकरण का कार्य बारिश के बाद शुरू करने के निर्देश दिए थे। सरकार की ओर से इस कार्य के लिए ₹215 करोड़ रुपये की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है।
स्थानीय दुकानदारों का विरोध
इस परियोजना को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि चौड़ीकरण की जद में करीब 180 से अधिक दुकानें और भवन आ सकते हैं, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी पर असर पड़ेगा। इसके साथ ही, यदि गलियों को 17 मीटर तक चौड़ा किया गया तो करीब आधा दर्जन मस्जिदें भी प्रभावित हो सकती हैं।
सरकार ने तैयार की है कार्य योजना
हालांकि विरोध के बीच, सरकार ने दालमंडी चौड़ीकरण की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली है। इसमें यह सुनिश्चित किया गया है कि श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने के लिए एक सुगम और सुव्यवस्थित मार्ग मिल सके। अब इस अभियान को पीएम मोदी के हाथों से आधिकारिक हरी झंडी मिलने जा रही है।