Table of Contents
मेरठ पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस, सपा और बसपा पर तीखा हमला किया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि जनता ने प्रदेश को सपा और बसपा मुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प कर लिया है और 2047 तक कांग्रेस समेत इन पार्टियों के लिए राजनीति के दरवाजे बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा, “जनता ने कांग्रेस मुक्त भारत और सपा-बसपा मुक्त यूपी का संकल्प लिया है।”
अखिलेश यादव और सपा को लेकर कसा तंज
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के कांवड़ यात्रा को लेकर बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा के नेता के संस्कार ही उनकी पार्टी को खत्म कर देंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में भाजपा फिर 2017 जैसा विजय हासिल करेगी और जनता सपा को साफ कर देगी।
दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई का ऐलान
मंत्री नंद गोपाल नंदी के अफसरों की कार्यप्रणाली पर मुख्यमंत्री को शिकायत मिलने के बाद डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि चाहे मंत्री हों, विधायक या कार्यकर्ता, अगर किसी अधिकारी की गलती पाई गई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
कांवड़ यात्रा विवाद पर बोले डिप्टी सीएम
रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के ‘सौहार्द बनाए रखने’ वाले बयान पर मौर्य ने कहा कि वह हमारे गठबंधन के वरिष्ठ नेता हैं और उनकी बात सही है, लेकिन सरकार की मंशा धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना और उसे कायम रखना है।
मेरठ में पौधा रोपण अभियान का हिस्सा बने डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत जन प्रतिनिधियों के साथ पौधा रोपण करते हुए भी नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 210 करोड़ पेड़ लगाए गए हैं और इनका संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है।
For more news: UP