Health Tips: मौसम बदलने पर अक्सर सर्दी, जुकाम और खांसी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। अगर इन्हें अनदेखा किया जाए तो यह शरीर को कमजोर और थका सकता है। लेकिन कुछ सरल और प्राकृतिक घरेलू उपाय अपनाकर आप इन परेशानियों से जल्दी राहत पा सकते हैं।
अदरक और तुलसी की चाय
अदरक में ‘जिंजरॉल’ नामक तत्व होता है जो संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया से लड़ता है। तुलसी प्राकृतिक एंटीबायोटिक का काम करती है। इन दोनों से बनी चाय या काढ़ा पीने से गले की खराश में राहत मिलती है और छाती में जमा कफ भी ढीला होता है। दिन में 2-3 बार सेवन करने से शरीर की गर्मी बढ़कर वायरस से लड़ाई में मदद मिलती है।
also read: महिलाओं में बढ़ती विटामिन डी की कमी: जानें लक्षण और बचाव…
हल्दी वाला दूध और काली मिर्च
हल्दी में करक्यूमिन पाया जाता है, जो सूजन और दर्द को कम करता है। रात को सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में चुटकी भर हल्दी और काली मिर्च मिलाकर पीने से इम्यूनिटी मजबूत होती है। काली मिर्च गले के इन्फेक्शन को साफ करती है और रात भर शरीर की रिकवरी प्रक्रिया को तेज करती है।
भाप और नमक के पानी से गरारे
बंद नाक या सर्दी-जुकाम की जकड़न को कम करने के लिए भाप लेना सबसे असरदार उपाय है। गर्म पानी में पुदीना या अजवाइन डालकर भाप लेने से श्वसन मार्ग की सूजन कम होती है। साथ ही गुनगुने पानी में नमक डालकर गरारे करने से गले में मौजूद बैक्टीरिया नष्ट होते हैं। यह उपाय टॉन्सिल और गले के दर्द में तुरंत आराम देता है।
पर्याप्त आराम और सही खान-पान
घरेलू उपायों के साथ शरीर को पर्याप्त आराम देना और हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी है। दिनभर गुनगुना पानी पीएं, सूप का सेवन करें और विटामिन-C युक्त फलों को अपनी डाइट में शामिल करें। अगर बुखार तेज हो या लक्षण एक हफ्ते से ज्यादा रहें, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।