हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में केंद्रीय खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें किसानों के हितों और फसल खरीद से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 1 अक्टूबर से हरियाणा में शुरू होने वाली फसल खरीद प्रक्रिया को तय समय से पहले शुरू करने की मांग की, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। यह फैसला किसानों को उनकी उपज बेचने में आसानी प्रदान करेगा और उनकी आमदनी बढ़ाने में मददगार साबित होगा।
बैठक में पीईजी (प्राइवेट एंटरप्रेन्योर्स गारंटी) योजना के तहत हरियाणा के गोदामों की क्षमता 30 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाने की मंजूरी भी दी गई। इससे राज्य में फसल संग्रहण की व्यवस्था और मजबूत होगी। साथ ही, केंद्रीय पूल में हरियाणा द्वारा जमा किए गए गेहूं और चावल की बकाया राशि 6200 करोड़ रुपये के शीघ्र भुगतान का आश्वासन भी केंद्रीय मंत्री ने दिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि फिलहाल हरियाणा के पास केंद्रीय पूल में 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं और चावल का स्टॉक है। आगामी दिसंबर में नई फसल की सप्लाई शुरू होने पर राज्य को 14.5 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त स्टॉक रखने की जगह भी मिलेगी, जबकि अतिरिक्त फसल को अन्य राज्यों में भेजा जाएगा।
also read: अनिल विज: साहा इंडस्ट्रियल एरिया विस्तार- 2600 एकड़ भूमि…
फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने शुगर मिल की दूरी को 25 किलोमीटर से घटाकर 15 किलोमीटर करने का प्रस्ताव रखा, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इससे गन्ने की खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
पीडीएस (पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम) के तहत वितरित किए जाने वाले चावल में टूटा हुआ चावल की मात्रा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करने की पायलट योजना को भी मुख्यमंत्री ने समर्थन दिया। हरियाणा का लक्ष्य टूटा हुआ चावल की खरीद को 3.5 लाख टन से बढ़ाकर 8 लाख टन करने का है। इसके अलावा, टूटे हुए चावल की बिक्री के लिए भी केंद्र सरकार ने 15 दिनों के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बैठक में हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, रेजिडेंट कमिश्नर डी सुरेश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि केंद्र सरकार के तीन आपराधिक कानूनों को लेकर हरियाणा में सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस संदर्भ में कुरुक्षेत्र में एक बड़ी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष सेवा पखवाड़े का आयोजन भी बताया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो प्रदेश के सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस बैठक के फैसले हरियाणा के किसानों और आम जनता के लिए लाभकारी साबित होंगे और प्रदेश के कृषि, उद्योग तथा सामाजिक क्षेत्र को मजबूत करेंगे।