Table of Contents
राजस्थान की राजधानी जयपुर में पहली बार 15 जनवरी को आर्मी-डे परेड का भव्य आयोजन होगा, जिसमें आमजन के सामने भारतीय सेना की ताकत और राजस्थानी संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की है कि इस बार 15 जनवरी को राजस्थान की राजधानी जयपुर में पहली बार भारतीय सेना की आर्मी-डे परेड आयोजित की जाएगी, जो भारतीय सेना द्वारा आर्मी क्षेत्र से बाहर आमजन के सामने पहली परेड होगी। यह आयोजन भारतीय सेना की वीरता, साहस और बलिदान को सम्मानित करने के साथ-साथ युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रबल करेगा और दुनिया को बदलते भारत की उभरती तस्वीर दिखाएगा।
मुख्यमंत्री का आर्मी-डे परेड को भव्य बनाने का निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में भारतीय थल सेना और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ परेड की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की बहादुरी और पराक्रम को सम्मानित करने के लिए इस वर्ष की आर्मी-डे परेड को और भी भव्य एवं आकर्षक बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परेड स्थल पर राजस्थानी संस्कृति की झलक भी प्रदर्शित हो ताकि यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक विरासत को भी विश्व पटल पर प्रस्तुत कर सके।
युवाओं और आमजन की भागीदारी पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परेड में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं, पर्यटकों और आम जनता की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जिला कलक्टर जयपुर को आयोजन स्थल के नक्शे व रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए ताकि दर्शकों की सुविधा और यातायात प्रबंधन सही ढंग से हो सके। साथ ही, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्थाओं को भी पूरी तरह व्यवस्थित किया जाएगा।
विविध गतिविधियां और कार्यक्रम होंगे आयोजित
बैठक में भारतीय सेना के दक्षिण पश्चिम कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने बताया कि आर्मी-डे परेड के साथ-साथ विभिन्न गतिविधियां जैसे रक्तदान शिविर, ऑनर रन, साइकिल रैली, नो योर आर्मी अभियान, मोटर साइकिल शो आदि भी आयोजित किए जाएंगे। परेड में पैदल सैनिक दस्ते, टैंक, तोप, मिसाइल, भारतीय सेना बैंड और झांकियों का प्रदर्शन होगा। इसके अलावा, शौर्य संध्या का भव्य आयोजन भी होगा, जिसमें सेना के युद्ध कौशल और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
सेना दिवस की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में मेजर जनरल अमर रामदासानी ने परेड की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव सुधांश पंत और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।