मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के ITO जलभराव स्थल का दौरा कर अधिकारियों से डिटेल रिपोर्ट मांगी। AAP नेता आतिशी ने जांच की मांग भी की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार, 29 जुलाई को भारी बारिश के बाद जलभराव वाले ITO क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से जलभराव की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट मांगी और जनता को भरोसा दिलाया कि समस्या को जल्द से जल्द सुधारने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया को बताया, “हमारी सभी टीमें सतर्क हैं और जलभराव वाले क्षेत्रों का लगातार जायजा ले रही हैं। ITO और जखीरा अंडरपास जैसे इलाकों में पानी जमा था, लेकिन उसे लगभग 30 से 45 मिनट के भीतर निकाल दिया गया।” उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से बातचीत के बाद यह जानकारी मिली है कि जलभराव को तुरंत कंट्रोल किया गया।
जलभराव पर दिल्ली सरकार की सक्रियता
रेखा गुप्ता ने कहा कि नगर निगम सहित सभी संबंधित विभागों ने जलभराव वाले हर प्वाइंट की डिटेल रिपोर्ट जमा करवाई है और इसे सुधारने के लिए जरूरी कार्यवाही चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस बार बारिश से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को जल्दी निपटाने के लिए पूरी तैयारी है।
‘आप’ नेता आतिशी ने लगाई गंभीर आरोप
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने मानसून सीजन से पहले दिल्ली में गाद हटाने के कार्यों की जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि गाद हटाने के लिए खर्च किए गए करोड़ों रुपये का हिसाब नहीं दिया गया। आतिशी ने कहा,
“यह जांच होनी चाहिए कि यह पैसा किसकी जेब में गया। क्या यह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता या मंत्री प्रवेश वर्मा की जेब में गया, या फिर बीजेपी के खजाने में?”
उन्होंने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया कि भारी बारिश के बाद भी कई इलाकों में जलजमाव हो रहा है, जबकि मुख्यमंत्री ने पहले दावा किया था कि इस बार जलजमाव नहीं होगा। उनका कहना था कि कई इलाके जलमग्न हो गए हैं, यहाँ तक कि सांसदों की गाड़ियां भी पानी में डूबी नजर आईं।