Table of Contents
ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने बाड़मेर में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक की, सतत् विद्युत आपूर्ति और जीएसएस प्रोजेक्ट समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने पर जोर।
ऊर्जा राज्यमंत्री श्री हीरालाल नागर ने गुरूवार को बाड़मेर जिला कलेक्ट्रेट के कॉन्फ्रेंस हॉल में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सतत् विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
विद्युत कनेक्शन, शिकायत निवारण व योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने घरेलू, पीएचईडी एवं कृषि कनेक्शन की प्रगति का रोडमैप तैयार करने के साथ-साथ बकाया मामलों के निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने डिस्कॉम स्तर पर संचालित कंट्रोल रूम, एफआरटी कार्यवाही, आरडीएसएस, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, कुसुम योजना (घटक ए, बी, सी), स्मार्ट मीटर योजना तथा विद्युत आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
220 केवी, 132 केवी एवं 33 केवी जीएसएस प्रोजेक्ट शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने प्रसारण निगम के अधिकारियों को 220 केवी जीएसएस शिव परियोजना का काम जून माह के अंत तक पूरा कर जुलाई में उद्घाटन कराने के निर्देश दिए। साथ ही बजट में स्वीकृत अन्य 220 केवी जीएसएस सांवा, 132 केवी जीएसएस पनोरिया, लूणवा जागिर, हरसाणी फांटा के कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा 220 केवी बाछड़ाऊ, 132 केवी आडेल, अगासड़ी, भियाड़ व बावड़ी कला के लिए कार्यादेश जल्द जारी करने को कहा।
समय पर प्रोजेक्ट पूर्णता पर विशेष बल, कार्यवाही में सुस्ती पर होगी कड़ी कार्रवाई
ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा है कि बजट में स्वीकृत सभी प्रोजेक्ट निर्धारित समय सीमा में पूरे हों। कार्य प्रगति की कड़ी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और देरी करने वाले संविदाकारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
भविष्य के विद्युत भार के अनुसार प्लानिंग कर प्रस्ताव उच्चस्तर पर भेजें
राज्यमंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि बाड़मेर जिले में अगले तीन-चार वर्षों में बढ़ने वाले विद्युत भार और नए कनेक्शनों के मद्देनजर 220 केवी, 132 केवी एवं 33 केवी जीएसएस के प्रस्तावों पर कार्य योजना बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जाए ताकि भविष्य में किसानों व अन्य उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
क्षतिग्रस्त पोल 5 दिनों में मरम्मत व आपूर्ति जल्द बहाल
अंधड़ से क्षतिग्रस्त हुए विद्युत पोलों की मरम्मत जल्द से जल्द 5 दिनों के अंदर पूरी करने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश भी मंत्री ने दिए।
सेड़वा जीएसएस अतिक्रमण मामले में कड़ी कार्यवाही
33/11 केवी जीएसएस सेड़वा की दीवार तोड़ने की शिकायत पर दोषी व्यक्तियों एवं मिलीभगत में शामिल अभियंता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक को एफआईआर पुनः खोलकर जांच करने के निर्देश भी जारी किए गए।
2027 तक किसानों को दिन में मिलेगी बिजली — ऊर्जा मंत्री
मीडिया से बातचीत में हीरालाल नागर ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप 2027 तक किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए विद्युत वितरण एवं प्रसारण तंत्र को सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि सीमावर्ती जिला बाड़मेर के किसानों को निर्बाध और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति मिल सके।
समीक्षा बैठक में मौजूद थे जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी
बैठक में बाड़मेर से विधायक आदूराम मेघवाल, प्रियंका चौधरी, जिला कलक्टर टीना डाबी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
For more news: Rajasthan