हरियाणा और इज़राइल मिलकर करेंगे अनुसंधान, कृषि, स्वास्थ्य, एआई और वेस्ट वाटर टेक्नोलॉजी में सहयोग। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राजदूत रूवेन अजार से की अहम बैठक।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भारत में इज़राइल के राजदूत रूवेन अजार के बीच शिष्टाचार मुलाकात हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने अनुसंधान, स्वास्थ्य, कृषि प्रौद्योगिकी, उन्नत सिंचाई प्रणाली, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) और वेस्ट वाटर मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि हरियाणा और इज़राइल के बीच तकनीकी सहयोग को और मजबूत करने के लिए हरियाणा में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा, हिसार में इंटीग्रेटेड एविएशन हब और ओवरसीज प्लेसमेंट प्रोग्राम को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इस समय हरियाणा के 180 से अधिक युवा इज़राइल में नौकरी कर रहे हैं और भविष्य में इस संख्या को और बढ़ाने की योजना है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में भी इज़राइल से पांच हजार नर्सों को रोजगार देने की मांग है, जिसमें हरियाणा भागीदारी बढ़ाने की इच्छुक है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई, ताकि युवाओं को आधुनिक एआई कौशल में प्रशिक्षण मिल सके और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा मिले।
हरियाणा सरकार वेस्ट वाटर को सिंचाई और पीने योग्य पानी में बदलने के लिए इज़राइल की नई तकनीक का उपयोग करना चाहती है, जिससे पानी की बचत और कृषि क्षेत्र को लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने विदेश सहयोग विभाग स्थापित किया है, जो युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर तलाशने और निर्यात को दोगुना बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इज़राइल के राजदूत रूवेन अजार को गीता की एक प्रति भेंट की। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, विदेश सहयोग विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी. कुमार तथा सलाहकार पवन चौधरी भी मौजूद रहे।