हरियाणा सरकार के ‘गो ग्लोबल मिशन’ के तहत कुशल युवाओं को मॉरीशस, जर्मनी, इज़राइल सहित कई देशों में रोजगार मिलेगा। सीएम नायब सैनी ने सुरक्षित व पारदर्शी भर्ती की घोषणा की।
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के कुशल श्रमिकों और युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर प्रदान करते हुए ‘गो ग्लोबल मिशन’ (Go Global Mission) की शुरुआत की है। इस मिशन के अंतर्गत राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे न केवल युवाओं का भविष्य सवरेगा बल्कि राज्य की आर्थिक प्रगति को भी नई गति मिलेगी।
गो ग्लोबल दृष्टिकोण से हरियाणा को मिलेगी वैश्विक पहचान
सीएम नायब सैनी ने बुधवार को हरियाणा निवास, चंडीगढ़ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें विदेश सहयोग विभाग द्वारा विदेशों में रोजगार बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की गई। इस बैठक में 20 से अधिक भर्ती एजेंसियों ने भाग लिया।
सीएम नायब सैनी ने कहा: “कुशल श्रमिकों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार की कमी नहीं है। हमारी सरकार चाहती है कि युवा बिना किसी जोखिम और खर्चे के वैध और सुरक्षित माध्यम से विदेशों में काम करें।”
डंकी रूट पर सख्ती, पारदर्शी भर्ती की प्रक्रिया
सीएम सैनी ने सभी हितधारकों (Stakeholders) से अवैध डंकी रूट के खिलाफ सख्त कार्रवाई और साझा प्रयासों की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से पारदर्शी और भरोसेमंद भर्ती प्रक्रिया लागू कर रही है, जिससे योग्य युवा सीधे अंतरराष्ट्रीय नौकरी पा सकें।
5700 विदेशी नौकरियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन चौधरी ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा अब तक 5700 से अधिक विदेशी नौकरी रिक्तियां ऑनलाइन पोर्टल पर जारी की जा चुकी हैं। योग्य युवा इनमें सीधे आवेदन कर सकते हैं।
इन नौकरियों के माध्यम से हरियाणा के युवाओं को निम्न देशों में रोजगार के अवसर मिलेंगे:
-
मॉरीशस
-
इज़राइल
-
रूस
-
नॉर्वे
-
जर्मनी
-
दुबई
-
और अन्य देश
विशेष प्रशिक्षण और भाषा कोर्स भी होंगे शुरू
सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार देना ही नहीं, बल्कि युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार प्रशिक्षित करना भी है। इसके लिए भाषा प्रशिक्षण, कौशल विकास कार्यक्रम, और इंटरव्यू तैयारी से जुड़ी वर्कशॉप्स भी शुरू की जाएंगी।