Table of Contents
राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के बाहर रह रहे प्रवासी राजस्थानियों ने अपनी संस्कृति, परंपराओं और राजस्थानी मिट्टी की खुशबू को दुनियाभर में फैलाया है। वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेश के अनुकूल माहौल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और प्रवासी राजस्थानियों से आग्रह किया कि वे राजस्थान में निवेश कर प्रदेश के विकास में योगदान दें।
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने हैदराबाद में आयोजित प्रवासी राजस्थानी मीट को संबोधित करते हुए बताया कि पिछले वर्ष राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान 10 दिसंबर को हर साल प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाने की घोषणा की गई थी। इसी के तहत इस वर्ष 10 दिसंबर को जयपुर में प्रथम प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी प्रवासी राजस्थानियों को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों और देशों में भी ऐसी मीटिंग्स आयोजित की जाएंगी, ताकि प्रवासी समुदाय और राज्य सरकार के बीच मजबूत संबंध स्थापित हो सकें।
प्रवासी राजस्थानियों के लिए विशेष विभाग एवं सिंगल प्वाइंट कॉन्टेक्ट
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रवासी राजस्थानियों के व्यावसायिक और सामाजिक प्रयासों को सहयोग देने के लिए एक विशेष विभाग बनाया जाएगा। साथ ही, प्रदेश के हर जिले में सिंगल प्वाइंट कॉन्टेक्ट और नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, ताकि प्रवासी राजस्थानियों की समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द हो सके। राजस्थान फाउंडेशन को भी मजबूत किया गया है, जिसमें देश-विदेश के 26 चैप्टर्स सक्रिय हैं, जो प्रवासी राजस्थानियों को सरकार से जोड़ने का काम कर रहे हैं।
also read: श्रीगंगानगर जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा ने सूरतगढ़…
राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएं
भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान निवेश के लिहाज से अत्यंत अनुकूल प्रदेश बन चुका है। हाल ही में हुए राइजिंग राजस्थान समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनमें से 7 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर भी उतरे हैं। प्रदेश में बेहतर सड़कों, रेलवे नेटवर्क, प्रमुख हवाई अड्डों और दिल्ली-मुंबई फ्रेट कॉरिडोर के माध्यम से निवेश की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही, 20 से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं और कई औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किए जा रहे हैं। इस साल पचपदरा में रिफाइनरी भी चालू होने जा रही है।
ऊर्जा, पर्यटन और खनन क्षेत्र में तेजी
मुख्यमंत्री ने बताया कि ऊर्जा के क्षेत्र में भी कई बड़े प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं, जिनमें न्यूक्लियर पावर प्लांट और अक्षय ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं। पर्यटन क्षेत्र में न्यूनतम निवेश सीमा कम कर दी गई है ताकि अधिक निवेशकों को आकर्षित किया जा सके। खनन क्षेत्र में भी नई नीतियां लागू की गई हैं और तेजी से ब्लॉक नीलामी हो रही है। इसके अलावा, जयपुर और जोधपुर में अत्याधुनिक टियर-4 डाटा सेंटर स्थापित किए गए हैं और सेमीकंडक्टर नीति भी जल्द लागू की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानियों ने अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित किया और राजस्थान फाउंडेशन चैप्टर की सदस्यता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उद्योग राज्यमंत्री के के बिश्नोई, श्रम विभाग के सचिव पी. रमेश, राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त मनीषा अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं प्रवासी राजस्थानी समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।