Table of Contents
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की PDA पाठशाला पर भाजपा नेता भूपेंद्र चौधरी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा पर परिवारवाद और बच्चों की शिक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। जानें पूरा विवाद।
UP Politics News: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से चलाई जा रही ‘PDA पाठशाला’ पर भाजपा नेता भूपेंद्र चौधरी ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।
भाजपा नेता भूपेंद्र चौधरी ने बयान देते हुए कहा, “सपा अब ‘ए’ फॉर अखिलेश और ‘डी’ फॉर डिंपल पढ़ा रही है। अगर उन्हें बच्चों की पढ़ाई और भविष्य की इतनी चिंता होती, तो वो अब्दुल कलाम जैसे महान हस्तियों की शिक्षा देते। सपा की पाठशाला में सिर्फ परिवारवाद का एजेंडा पढ़ाया जा रहा है।”
परिवारवाद के एजेंडे पर चल रही है सपा: BJP
भाजपा नेता भूपेंद्र चौधरी ने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी सिर्फ अपने परिवार तक सीमित है। उन्होंने कहा, “जब सपा सत्ता में थी, तब भी बच्चों की शिक्षा के साथ समझौता किया गया। आज विपक्ष में रहते हुए भी वही रवैया जारी है। PDA पाठशाला केवल परिवार की छवि चमकाने का माध्यम बन गई है।“
भाजपा नेता भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के मूल में ही परिवारवाद है और अब वो इसी के आधार पर ‘PDA’ की परिभाषा गढ़ रही है। अगर सच्ची शिक्षा देनी है तो बच्चों को ए फॉर अब्दुल कलाम और डी फॉर डॉ. भीमराव अंबेडकर सिखाएं।
क्या है सपा की PDA पाठशाला?
सपा ने प्रदेश में उन सरकारी स्कूलों के मर्जर के खिलाफ ‘PDA पाठशाला’ की शुरुआत की है, जहां छात्र संख्या बहुत कम है। सपा का कहना है कि यूपी सरकार का यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को प्रभावित करेगा। इसके विरोध में सपा नेताओं ने मर्ज किए गए स्कूलों के बाहर बच्चों को बुलाकर पढ़ाना शुरू किया है।
इन पाठशालाओं में समाजवादी पार्टी के नेता खुद बच्चों को पढ़ा रहे हैं और उन्हें यूनिफॉर्म में बुलाया जा रहा है। हालांकि, इस पहल पर अब विवाद भी बढ़ गया है। कानपुर और भदोही जैसे जिलों में सपा नेताओं पर केस दर्ज किए गए हैं।
सियासी घमासान तेज
सपा की PDA पाठशाला को लेकर बीजेपी और सपा के बीच सियासी घमासान और गहरा हो गया है। एक ओर सपा इस पहल को शिक्षा बचाओ आंदोलन बता रही है, वहीं बीजेपी इसे राजनीतिक नौटंकी और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बता रही है।