Table of Contents
अयोध्या दीपोत्सव 2025 के लिए मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर 15 अस्थायी चिकित्सालय और 24 घंटे एंबुलेंस सेवा सहित स्वास्थ्य विभाग ने की विशेष तैयारियां।
नौवें संस्करण के अयोध्या दीपोत्सव 2025 को पूरी सुरक्षा और सुविधा के साथ आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग ने युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार दीपोत्सव में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक के स्वास्थ्य की विशेष देखभाल के लिए 15 अस्थायी प्राथमिक उपचार केंद्र और 10 स्थानों पर 24 घंटे एंबुलेंस सेवा का प्रबंध किया गया है।
योगी सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री योगी के आदेश पर अयोध्या में दीपोत्सव को स्वास्थ्य की दृष्टि से पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अयोध्या के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील कुमार बानियान ने बताया कि इस आयोजन के दौरान सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयां, पैरामेडिकल स्टाफ और विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात रहेंगे।
-
15 अस्थायी प्राथमिक उपचार केंद्र मेला क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर लगाए जाएंगे, जिनमें कंट्रोल रूम, श्री राम जन्मभूमि निकास द्वार, श्री हनुमानगढ़ी, पक्का घाट, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन सहित अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं।
-
मेला क्षेत्र में 10 जगहों पर 24 घंटे एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी, जिससे आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित होगी।
-
तीन प्रमुख अस्पतालों में कुल 50 बेड विशेष रूप से दीपोत्सव के लिए आरक्षित किए गए हैं:
-
स्वशासी राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज (20 बेड)
-
जिला चिकित्सालय अयोध्या (पुरुष) (20 बेड)
-
श्री राम चिकित्सालय अयोध्या (10 बेड)
-
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीमें भी रहेंगी मौजूद
अयोध्या दीपोत्सव की स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत बनाने के लिए अमेठी, अंबेडकरनगर, बाराबंकी और सुल्तानपुर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीमें अयोध्या पहुंचेंगी। ये टीमें मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं को चिकित्सा सहायता प्रदान करेंगी।
दीपोत्सव में स्वास्थ्य सुरक्षा पर मुख्यमंत्री योगी का फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि दीपोत्सव में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हर व्यवस्था पूर्ण रूप से सुनिश्चित की जाए ताकि यह महापर्व पूरी शांति और सुव्यवस्था के साथ मनाया जा सके।