जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने सड़क दुर्घटनाओं रोकने और रोड सेफ्टी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के दिए निर्देश।
जयपुर जिला प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सड़क सुरक्षा मानकों को लागू करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को कलेक्टरेट सभागार में हुई जिला सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन समिति की बैठक में निर्देश दिए कि रोड सेफ्टी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
डॉ. सोनी ने कहा कि जयपुर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी और परिणामोन्मुख रणनीति अपनाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को रोड सेफ्टी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन, ट्रैफिक जाम कम करने के लिए ठोस योजना बनाना, सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाना, अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई, राजमार्गों पर अवैध कट बंद करवाना, लेन सिस्टम लागू करना और टी-पॉइंट्स पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
also read: वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पर राजस्थान में राज्य स्तरीय…
इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को मिडियन कट्स बंद करने और फ्लाईओवर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। पुराने और क्षतिग्रस्त साइनेज को बदलकर नए साइनेज लगाने और उन पर किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री नहीं लगाने की अपील भी की गई।
जिला कलक्टर ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्पीड लिमिट बोर्ड लगाए जाएंगे, ब्लैक स्पॉट्स का निवारण किया जाएगा और अनधिकृत पार्किंग, बिना रिफ्लेक्टर टेप वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में ज्वलनशील पदार्थ वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग, रूट उल्लंघन पर कार्रवाई, टोल नाकों पर नशे में वाहन चलाने वालों की निगरानी और बेसहारा पशुओं को रेडियम पट्टी लगाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण श्रीमती राशि डोगरा डूडी, पुलिस आयुक्त (यातायात) श्री सुमित महरड़ा, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री युगांतर शर्मा, साथ ही पुलिस, यातायात, नगर निगम, जयपुर विकास प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवहन, सार्वजनिक निर्माण विभाग और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जयपुर जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और आमजन में रोड सेफ्टी जागरूकता बढ़ाना।