बिहार क्रिकेट टीम के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी को ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए उपकप्तान बनाया गया है। महज 14 साल की उम्र में उपकप्तानी मिलने के कारण वैभव रणजी ट्रॉफी इतिहास के सबसे युवा उपकप्तान बन गए हैं। बिहार की सीनियर टीम में वैभव साकिबुल गनी की कप्तानी में रणजी ट्रॉफी के पहले दो मैचों में उपकप्तान के तौर पर खेलेंगे। बिहार का पहला मुकाबला 15 अक्टूबर को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ और दूसरा 25 अक्टूबर को मणिपुर के खिलाफ होगा।
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले दो वर्षों में क्रिकेट जगत में अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया है। हाल ही में उन्होंने इंडिया अंडर-19 टीम के ऑस्ट्रेलियाई दौरे में बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें ब्रिसबेन टेस्ट मैच में 78 गेंदों में शतक शामिल था। ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वह दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
also read: IND vs WI 2nd Test: वेस्टइंडीज ने दिखाई जबरदस्त लड़ाई,…
वैभव ने 2024 में सिर्फ 12 साल की उम्र में फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उनके बल्ले से आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 38 गेंदों में शतक भी निकला, जिससे वे मेंस टी20 इतिहास के सबसे युवा शतकवीर बन गए। इस IPL सीजन में उन्होंने सात मैचों में 252 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक हाफ-सेंचुरी शामिल थी।
बिहार के रणजी स्क्वाड में कप्तान साकिबुल गनी के अलावा पीयूष कुमार सिंह, भाष्कर दुबे, अर्नव किशोर, आयुष लोहारूका, बिपिन सौरभ, आमोद यादव और कई अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
वैभव सूर्यवंशी की उपकप्तानी बिहार क्रिकेट के लिए एक नई उम्मीद और भविष्य की तैयारी की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।