उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय, नगला तराई, बूथ नंबर 3 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उनके साथ उनकी मां बिशना देवी भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री धामी ने अन्य मतदाताओं की तरह कतार में खड़े होकर शांतिपूर्वक मतदान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने की मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील
सीएम धामी ने कहा कि हर एक वोट पंचायतों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण मतदाताओं से आग्रह किया कि वे उत्साह और जोश के साथ मतदान करें और अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
उत्तराखंड में पहले चरण के लिए मतदान शुरू
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान आज सुबह 8 बजे शुरू हो गया। इस चरण में हरिद्वार को छोड़कर राज्य के 12 जिलों के 46 विकासखंडों में वोटिंग हो रही है। सुबह से ही बड़ी संख्या में मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे हैं।
मतदान आज शाम 5 बजे तक जारी रहेगा
आज शाम 5 बजे तक मतदान जारी रहेगा। इस चुनाव में 17,829 प्रत्याशी भाग ले रहे हैं, जबकि प्रदेश के 26 लाख से अधिक मतदाता अपनी वोटिंग से भविष्य का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
सुरक्षा और निगरानी के कड़े प्रबंध
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। आसपास के इलाकों में CCTV कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है ताकि मतदान प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। दूसरे चरण का मतदान 28 जुलाई को 40 विकासखंडों में होगा, जबकि मतगणना 31 जुलाई से शुरू होगी।