उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राज्य में स्वच्छ उत्सव 2025 कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही, उन्होंने प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की भी शुभकामनाएँ दीं।
स्वच्छता को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोर देते हुए कहा कि 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक राज्यभर में स्वच्छता अभियान से जुड़े नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खुद झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से स्वच्छता अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने स्वच्छता की शपथ दिलाई और पौधारोपण भी किया।
स्वच्छता रथ का फ्लैग ऑफ और पर्यावरण मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वच्छता रथ को फ्लैग ऑफ किया और पर्यावरण मित्रों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे स्वच्छता आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि यह आंदोलन न केवल भारत को नए आयाम दे रहा है, बल्कि यह एक संकल्प और आंदोलन बन चुका है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य की दिशा में काम करेगा।
also read: देहरादून बादल फटने की आपदा: पीएम मोदी और अमित शाह ने सीएम…
स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के दिशा में उल्लेखनीय कदम
मुख्यमंत्री ने “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” की दिशा में उठाए गए कदमों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हाल ही में राष्ट्रीय वायु कार्यक्रम के तहत घोषित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून नगर निगम को देश में 19वां स्थान प्राप्त हुआ है। साथ ही, स्वच्छता रैंकिंग में भी नगर निगम देहरादून ने 62वां स्थान हासिल किया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक छह लाख से अधिक शौचालय रहित परिवारों के लिए शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है।
स्वच्छता कंट्रोल रूम और सफाई व्यवस्था
देहरादून नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्वच्छता कंट्रोल रूम की स्थापना की है, जो कूड़ा उठान, सीसीटीवी निगरानी और नियमित सफाई के माध्यम से शहर को स्वच्छ रखने का प्रयास कर रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि यह हमारे संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान का जिक्र किया और कहा कि पौधारोपण से न केवल जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण भी सुनिश्चित करेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे
स्वच्छ उत्सव 2025 के इस उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री गणेश जोशी, श्री सुबोध उनियाल, सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर देहरादून श्री सौरभ थपलियाल, विधायक श्रीमती सविता कपूर, श्री सुरेश गड़िया, सचिव श्री नीतेश झा, नगर आयुक्त श्रीमती नमामि बंसल और अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।