उत्तराखंड बार काउंसिल के चुनाव की तिथि बदलकर 17 फरवरी 2026 कर दी गई है। पहले यह चुनाव 4 फरवरी को होने वाला था, लेकिन शीतकालीन अवकाश और पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ी ठंड के कारण अधिवक्ताओं की मांग पर चुनाव समिति ने नई तारीख तय की। मतदान की गिनती 20 फरवरी 2026 से शुरू होगी।
30 दिसंबर 2025 को हुई उच्चाधिकार प्राप्त चुनाव समिति की वर्चुअल बैठक में न्यायमूर्ति राजीव शर्मा की अध्यक्षता में जस्टिस कुलदीप सिंह और न्यायमूर्ति यू.सी. ध्यानी मौजूद थे। समिति ने राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और शीतकालीन अवकाश को देखते हुए चुनाव स्थगित करने का निर्णय लिया। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले अधिवक्ताओं को मतदान प्रक्रिया में भाग लेने का पर्याप्त समय मिलेगा।
also read: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एंजेल चकमा के पिता से फोन…
उत्तराखंड बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.सी.एस. रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, पूर्व चेयरमैन डॉ. महेंद्र पाल और हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव विकास बहुगुणा सहित अन्य कार्यकारिणी ने चुनाव स्थगित करने का आवेदन समिति को भेजा था। चुनाव समिति ने इसे स्वीकार कर नई तिथि घोषित की।
निर्णय के अनुसार, चुनाव कार्यक्रम पूर्ववत रहेगा। मतपत्र 19 फरवरी 2026 तक नैनीताल स्थित बार काउंसिल कार्यालय में पहुंचाए जाएंगे और 20 फरवरी से मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी।
उत्तराखंड बार काउंसिल में पहली बार 25 सदस्य चुने जाएंगे, जिसमें महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। महिलाओं के पांच पद सीधे चुनाव से और दो पद नामित किए जाएंगे। बार काउंसिल के चेयरमैन राकेश गुप्ता ने इस निर्णय को अधिवक्ताओं के व्यापक हित में बताया।
इस कदम को राज्य के अधिवक्ताओं और बार एसोसिएशन ने स्वागत किया है, क्योंकि इससे सभी क्षेत्रों के अधिवक्ता मतदान में शामिल हो सकेंगे।