बिग बॉस के हर सीजन में कुछ कंटेस्टेंट अपनी खास स्टाइल और लाइफस्टाइल की वजह से चर्चा में आ जाते हैं। बिग बॉस 19 की कंटेस्टेंट तान्या मित्तल भी उन्हीं में से एक हैं, जो अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और फैशन सेंस की वजह से सुर्खियों में बनी हुई हैं। तान्या ने बिग बॉस के घर में एंट्री करते हुए 800 से अधिक साड़ियां साथ लेकर आई हैं, जो कि किसी कंटेस्टेंट के लिए एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है।
तान्या मित्तल ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि वे हर दिन तीन बार अपने आउटफिट बदलती हैं और अपनी जूलरी, एक्सेसरीज के साथ अपनी लग्जरी स्टाइल को कभी नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने कहा, “मैं अपनी लग्जरी कहीं नहीं छोड़ सकती। इसलिए मैं यहां 800 से ज्यादा साड़ियां लेकर आई हूं और दिन में तीन बार कपड़े बदलती रहूंगी।”
Also Read: जाह्नवी कपूर के ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ मोशन…
शो के पहले दिन तान्या के बॉडीगार्ड्स की बहादुरी की भी चर्चा हुई, जो कुंभ मेले में 100 से अधिक लोगों को बचाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। तान्या ने बताया कि उनके परिवार में हमेशा से सिक्योरिटी की आदत रही है, इसलिए वे खुद भी सुरक्षा का खास ध्यान रखती हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें कोई धमकी नहीं मिली है, लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो वे फिर से सिक्योरिटी रखेंगे।
सोशल मीडिया पर तान्या के वीडियोज तेजी से वायरल हो रहे हैं और उनके फैमिली बैकग्राउंड को लेकर लोगों की रुचि भी बढ़ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, तान्या का परिवार ग्वालियर से है और उनके पिता एक सफल बिजनेसमैन हैं। इंस्टाग्राम पर तान्या के लगभग 26 लाख फॉलोअर्स हैं, जो उनकी लोकप्रियता को दर्शाता है।
बिग बॉस के घर में तान्या मित्तल की यह लग्जरी लाइफस्टाइल और फैशन शौक उन्हें दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय बना रहा है। क्या वे इस सीजन की विजेता बनेंगी, यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन उनकी स्टाइलिश एंट्री ने उन्हें खूब चर्चा में जरूर ला दिया है।