लोकप्रिय टीवी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा ने 4500 एपिसोड्स का महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर लिया है। 2008 में शुरू हुआ यह शो आज भी दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है। 17 सालों के इस सफर में शो ने हास्य और मनोरंजन का नया आयाम स्थापित किया है। इस खास मौके पर शो की पूरी टीम ने जमकर जश्न मनाया।
शो के निर्माता और प्रोड्यूसर असित मोदी ने सोशल मीडिया पर सेलिब्रेशन की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें पूरी टीम के साथ 4500 एपिसोड का केक काटते हुए नजर आए। असित मोदी ने लिखा, “एक बीज से शुरू हुआ सपना आज हज़ारों मुस्कुराहटों का बागीचा बन चुका है। दर्शकों का प्यार ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आगे भी हमारा यह सफर हंसी और खुशी से भरा रहेगा।”
शो में पुराने और नए कई कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई है। हालांकि, दर्शकों को सबसे ज्यादा याद आती हैं ‘दयाबेन’ यानी दिशा वकानी, जो लंबे समय से शो से दूर हैं। निर्माता असित मोदी ने हाल ही में कहा कि नई ‘दयाबेन’ की एंट्री जल्द होने वाली है, जो शो को नए ऊर्जा से भर देगी।
4500 एपिसोड पूरा होने की खुशी में सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटोज तेजी से वायरल हो रहे हैं। दर्शक इस लंबे सफर को यादगार बनाने के लिए उत्साहित हैं।
तारक मेहता का उल्टा चश्मा आज भी टीवी पर हंसी और मनोरंजन का सबसे बड़ा नाम है और आने वाले समय में भी यह शो लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाए रखेगा।