मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में 2 लाख नई एलईडी स्ट्रीट लाइट्स लगाने की घोषणा की है। दीपावली से पहले सभी नगरीय क्षेत्रों की सड़कों और गलियों को रोशन किया जाएगा, जिससे सुरक्षा और ऊर्जा बचत दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
राजस्थान सरकार ने दीपावली से पहले प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के नगरीय क्षेत्रों में 2 लाख नई एलईडी स्ट्रीट लाइट्स लगाने की घोषणा की है। पहले यह संख्या 1 लाख प्रस्तावित थी, जिसे अब बजट 2025-26 में दोगुना कर दिया गया है। यह निर्णय रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि राजस्थान की हर गली, हर सड़क, हर बाजार रोशनी से जगमगाए। यह सिर्फ स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य नहीं है, बल्कि यह सुरक्षित, आधुनिक और स्मार्ट राजस्थान के निर्माण की दिशा में एक अहम कदम है।”
दीपावली से पहले होगी शुरुआत
त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि इस परियोजना की शुरुआत दीपावली से पहले की जाए। इससे राज्य की सड़कों पर रात्रिकालीन सुरक्षा में सुधार होगा और ट्रैफिक प्रबंधन भी बेहतर होगा।
also read: राजस्थान में भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई, मुख्यमंत्री…
312 नगरीय निकायों में लागू होगा प्रोजेक्ट
राज्य की सभी 312 नगर निकायों में यह प्रोजेक्ट लागू होगा। पुराने और कमज़ोर लाइट सिस्टम को हटाकर ऊर्जा दक्ष एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी। इससे न केवल शहरों की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
जनता के लिए हेल्पलाइन नंबर 181
स्वायत्त शासन विभाग द्वारा 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “शहर चलो अभियान” के तहत बंद पड़ी लाइट्स को ठीक करने और नई लाइट्स लगाने का काम किया जाएगा। साथ ही, शिकायतों और सुझावों के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 भी जारी किया गया है।