मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 2 नवंबर 2025 को प्रस्तावित आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) का फ्लैग ऑफ किया। यह आयोजन शीतकालीन पर्यटन, स्वस्थ जीवन और नशा मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को प्रोत्साहित करेगा।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने 2 नवंबर 2025 को प्रस्तावित आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) के प्रोमो रन का फ्लैग ऑफ किया और लोगो का अनावरण किया। यह आयोजन उत्तराखंड राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गूंजी गांव से आदि कैलाश तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह मैराथन शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने, युवाओं को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने और उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
आदि कैलाश परिक्रमा रन (अल्ट्रा मैराथन) 10,300 से 15,000 फीट की ऊंचाई पर आयोजित होगी। यह मैराथन सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास, पलायन की समस्या के समाधान और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह मैराथन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की वाइब्रेंट विलेज योजना को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगी।
also read: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘नमो युवा रन’ का फ्लैग ऑफ…
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह मैराथन सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को सम्मान देने, उन्हें पहचान दिलाने और पर्यटन क्षेत्र में स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करने का एक शानदार अवसर भी है। यह आयोजन राज्य की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।
रविवार को आयोजित आदि कैलाश परिक्रमा रन मैराथन में प्रदेशभर के बच्चों, युवाओं और अन्य आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन के बाद, पर्यटन सचिव श्री धीराज गब्र्याल ने कहा कि इस दौड़ में शीर्ष 3 विजेताओं को 2 नवंबर 2025 को गुंजी, पिथौरागढ़ में होने वाली आदि कैलाश मैराथन में भाग लेने का मौका मिलेगा।
इस आयोजन में कुल 5 श्रेणियां होंगी: 60 किमी (अल्ट्रा रन), 42 किमी (फुल मैराथन), 21 किमी (हाफ मैराथन), 10 किमी रन और 5 किमी रन। इन प्रतियोगिताओं में देशभर के एथलीट प्रतिभाग करेंगे। सचिव पर्यटन ने यह भी बताया कि जून 2026 में माणानीति क्षेत्र में अगला मैराथन आयोजन प्रस्तावित है। व्यास और नीति घाटी में होने वाली इस मैराथन में विजेताओं को ₹50 लाख की पुरस्कार राशि मिलेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, आईजी आईटीबीपी श्री संजय गुंज्याल, अपर सचिव पर्यटन श्री अभिषेक रूहेला, श्रीमती पूजा गब्र्याल और अन्य उपस्थित थे।