दिल्ली के 29वें बुक फेयर का उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया रील्स के बीच भी लोग किताबों से सच्चा प्यार करते हैं। मेला 10 अगस्त तक चलेगा।
दिल्ली के भारत मंडपम में 29वें बुक फेयर 2025 का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। इस आयोजन में सीएम ने कहा कि आज के डिजिटल और सोशल मीडिया के युग में जहां रील्स और वीडियो कंटेंट का दबदबा है, वहीं कुछ लोग अब भी किताबों से सच्चा प्रेम करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि किताबें हमारे जीवन की सच्ची दोस्त हैं, जो बिना किसी शर्त के हमेशा हमारे साथ रहती हैं।
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने भाषण में बताया कि भारत में पढ़ने-लिखने की समृद्ध परंपरा है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी जारी है। उन्होंने कहा, “अच्छी किताब हमें अपनी दुनिया में डुबो देती है और पात्रों से सीखने का मौका देती है।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उनकी सरकार प्रकाशकों और पाठकों को लाभ पहुंचाने वाले साहित्यिक आयोजनों का समर्थन जारी रखेगी।
मुख्यमंत्री ने संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा और उनकी टीम को सफल बुक फेयर के आयोजन के लिए बधाई दी। यह मेला 10 अगस्त तक चलेगा और इसमें दिल्ली के प्रमुख प्रकाशन गृह, शैक्षणिक संस्थान, और सांस्कृतिक संगठन भाग ले रहे हैं। मेले में हजारों पुस्तक प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है, जो नई और पुरानी पुस्तकों का आनंद उठाएंगे।
इस दौरान सीएम और संस्कृति मंत्री ने मेले में मौजूद स्टॉलों का निरीक्षण किया और प्रकाशकों से बातचीत कर पुस्तक और स्टेशनरी उत्पादों का अवलोकन किया। दिल्ली बुक फेयर 2025 साहित्यिक समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म साबित हो रहा है, जो पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देने का काम करता है।