गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी ने मथुरा-वृंदावन की धार्मिक यात्रा की, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। कपल ने आध्यात्मिक अनुभव साझा करते हुए अपने इंस्टाग्राम पर यात्रा की झलकियां भी पोस्ट कीं।
टीवी के लोकप्रिय जोड़ी गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी हाल ही में धार्मिक नगरी मथुरा-वृंदावन की पवित्र धरती पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज से दर्शन किए और अपनी आध्यात्मिक यात्रा की कुछ खूबसूरत झलकियां सोशल मीडिया पर साझा कीं।
राम और सीता की जोड़ी का खास अनुभव
गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी ने साल 2008 में टीवी शो रामायण में राम और सीता का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीता था। इसी शो के बाद इनकी जोड़ी ने रियल लाइफ में भी साथ निभाया और शादी के बंधन में बंध गए। इस बार कपल अपनी दो बेटियों के साथ मथुरा-वृंदावन की पवित्र यात्रा पर निकले।
देबिना ने साझा किया आध्यात्मिक अनुभव
देबिना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मथुरा-वृंदावन की यात्रा की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “मथुरा ने हमें बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया। वृंदावन होम टावर्स में ठहरने से लेकर ‘हरे राम हरे कृष्ण’ के मंत्र सुनने तक, यह यात्रा बेहद शांतिपूर्ण और प्रेम से भरी रही। हमारे बच्चों के लिए यह धार्मिक नगरी का दर्शन और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव बेहद खास था।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रेमानंद महाराज से मिलने का मौका मिला, जिनके शब्दों ने उनके दिल को छू लिया। देबिना ने आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि यह यात्रा उनके जीवन के लिए बहुत मायने रखती है।
प्रेमानंद महाराज के उपदेश
गुरमीत ने प्रेमानंद महाराज को बताया कि उन्होंने राम और सीता के रूप में अभिनय किया है और उनसे आशीर्वाद की कामना की। प्रेमानंद महाराज ने जवाब में कहा, “भगवान का नाम स्मरण करते रहिए, यह आपके जीवन में उन्नति के नए रास्ते खोलेगा। राम भगवान के नाम की शक्ति अपार है, इसलिए इसे कभी न भूलें।”
धार्मिक नगरी में बिताए पावन क्षण
मथुरा-वृंदावन की यात्रा के दौरान गुरमीत और देबिना ने मंदिरों के दर्शन किए और गौशाला में गौसेवा भी की। इस समय दोनों टीवी के लोकप्रिय रियलिटी शो पति-पत्नी और पंगा में नजर आ रहे हैं। देबिना ने लंबे समय बाद इंडस्ट्री में इस शो के जरिए वापसी की है।