हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अंबाला में जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। युवती के साथ साइबर बदमाशी से लेकर जमीन और ठगी के मामलों में तुरंत FIR और जांच के आदेश।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज अंबाला छावनी स्थित अपने आवास पर जनता दरबार लगाया और क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मोबाइल नंबर वायरल कर युवती को बदनाम करने की कोशिश, मंत्री विज ने दिए FIR के आदेश
अंबाला छावनी की एक युवती ने शिकायत की कि उसके पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसका मोबाइल नंबर और आपत्तिजनक संदेश सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे बदनाम करने की कोशिश की। इस पर मंत्री अनिल विज ने मौके पर मौजूद डीएसपी रमेश कुमार को तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
16 लाख रुपये भुगतान में धोखाधड़ी, जांच के आदेश
वशिष्ठ नगर की एक महिला ने शिकायत की कि उसकी पुश्तैनी जमीन बेचने का सौदा हुआ था, लेकिन अभी तक उसके हिस्से के 16 लाख रुपये नहीं मिले। इस मामले में भी श्री विज ने डीएसपी अंबाला कैंट को तत्काल जांच और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
विदेश भेजने के नाम पर 5.10 लाख की ठगी, एजेंट पर होगी कार्रवाई
अंबाला छावनी सदर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसके बेटे को विदेश भेजने के नाम पर कुरुक्षेत्र निवासी एजेंट ने 5.10 लाख रुपये लिए, लेकिन न तो विदेश भेजा गया और न ही पैसे लौटाए गए। श्री विज ने पुलिस को एजेंट के खिलाफ जांच व कार्रवाई के आदेश दिए।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बढ़ेगी पुलिस गश्त
हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के लोगों ने मंत्री अनिल विज से शिकायत की कि इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और शरारती तत्वों का जमावड़ा रहता है। इस पर श्री विज ने डीएसपी कैंट को पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
PWD यूनियन ने सौंपा मांग पत्र
पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन ने श्री अनिल विज को कई सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर सरकार से सकारात्मक हस्तक्षेप की मांग की। मंत्री ने मामले पर संबंधित विभागों को जरूरी कार्रवाई करने को कहा।
इन अधिकारी व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही
इस मौके पर नगर परिषद अंबाला छावनी के उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, डीएसपी रमेश कुमार, और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
For more news: Haryana