राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली बार हरियाणा के अंबाला एयर फोर्स स्टेशन का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा देश की वायुसेना और राफेल विमानों से जुड़ी तकनीकी जानकारी हासिल करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति सुबह लगभग 8 बजे दिल्ली से अपने विशेष विमान के जरिए अंबाला के लिए उड़ान भरेंगी। लगभग एक घंटे के सफर के बाद उनका विमान अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेगा, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति अधिकारी और स्टाफ को संबोधित करेंगी।
also read: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 29 अक्टूबर को मुंबई में करेंगे…
राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे के दौरान राफेल विमानों के संचालन और तकनीकी पहलुओं पर जानकारी लेने की संभावना है। कुछ सूत्र यह भी बता रहे हैं कि राष्ट्रपति राफेल के उड़ान चक्कर भी लगा सकती हैं। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे समाप्त होगा, जिसके बाद राष्ट्रपति वापस प्रस्थान करेंगी।
सुरक्षा कारणों से राष्ट्रपति के दौरे में मोबाइल उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वहीं कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज की उपस्थिति की संभावना है।