दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण से आंखों में जलन और चुभन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। जानें प्रदूषण से आंखों को बचाने के उपाय और कब डॉक्टर से संपर्क करें।
दिल्ली और एनसीआर में सर्दी के मौसम में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ जाता है, और इस साल तो हालात और भी खराब हो गए हैं। दिवाली के बाद से ही दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच चुका है, जो “गंभीर” श्रेणी में आता है। इस प्रदूषण का असर जहां सांस संबंधी समस्याओं के रूप में सामने आ रहा है, वहीं बहुत से लोग आंखों में जलन, चुभन, और पानी आने जैसी समस्याओं से भी जूझ रहे हैं। प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कण आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं, जिससे आंखों में संक्रमण और अन्य समस्याएं हो सकती हैं।
दिल्ली के प्रदूषण से आंखों को कैसे नुकसान पहुंचता है?
दिल्ली की हवा में PM 2.5 और PM 10 जैसे छोटे कण होते हैं जो बहुत खतरनाक होते हैं। यह कण इतने सूक्ष्म होते हैं कि सीधे आंखों की सतह तक पहुंचकर कंजंक्टिवा और कॉर्निया पर जमा हो जाते हैं। इसके परिणामस्वरूप आंखों में सूजन, खुजली, जलन, और पानी आने जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं। लंबे समय तक ऐसे प्रदूषित वातावरण में रहने से ड्राई आई सिंड्रोम, एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस, और आंखों के संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिल सकती है, क्योंकि उनकी आंखें अधिक संवेदनशील होती हैं।
आंखों को हेल्दी रखने के लिए अपनाएं ये उपाय
-
सनग्लासेस या काले चश्मे का इस्तेमाल करें: प्रदूषण से आंखों को बचाने के लिए बाहर जाते वक्त सनग्लासेस या बड़े आकार के काले चश्मे पहनें। यह आंखों को धूल, धुएं और प्रदूषण से बचाते हैं। यदि आप स्कूटी या बाइक चलाते हैं, तो हेलमेट में ट्रांसपेरेंट ग्लास शील्ड का उपयोग करें ताकि हवा सीधे आंखों में न जाए और जलन से बचाव हो सके।
-
लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप का उपयोग करें: प्रदूषण से आंखों की नमी कम हो जाती है, जिससे जलन और खुजली होती है। इससे बचने के लिए लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप्स का उपयोग करें। दिन में 2-3 बार आई ड्रॉप्स डालने से आंखों को राहत मिलती है।
-
आंखों को ठंडे पानी से धोएं: अगर प्रदूषण के कारण आपकी आंखों में जलन या सूजन हो रही है, तो दिन में दो बार ठंडे पानी से आंखों को धोएं। इसके अलावा, आप आईस पैक का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि आईस पैक सीधे आंखों पर न लगाएं।
-
आंखों को रगड़ने से बचें: प्रदूषण के कारण कई बार आंखों में जलन और खुजली हो सकती है, जिससे लोग आंखों को रगड़ने लगते हैं। ऐसा करने से कॉर्निया को नुकसान हो सकता है। यदि आंखों में खुजली हो तो उन्हें पानी से धोने की कोशिश करें, न कि रगड़ने की।
डॉक्टर से कब संपर्क करें?
यदि प्रदूषण के दौरान आपकी आंखों में लगातार जलन, धुंधलापन, तेज दर्द, सूजन, या पानी आने की समस्या बनी रहती है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। सही समय पर इलाज न मिलने से संक्रमण फैल सकता है और आंखों की दृष्टि पर असर पड़ सकता है। बिना डॉक्टर की सलाह के आई ड्रॉप्स का उपयोग भी न करें।