नेपाल में जारी हिंसक प्रदर्शन और राजनीतिक संकट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने नेपाली भाषा में शांति बनाए रखने की अपील की और नेपाल की स्थिरता को भारत के लिए अहम बताया। जानें पूरी खबर।
नेपाल में जारी राजनीतिक अस्थिरता और हिंसक प्रदर्शनों पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने नेपाली भाषा में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर लिखते हुए, हिंसा पर गहरी चिंता जताई और नेपाल के नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “नेपाल में हुई हिंसा हृदयविदारक है। यह जानकर बहुत पीड़ा हुई कि अनेक युवाओं की जान गई है। नेपाल की स्थिरता, शांति और समृद्धि हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मैं नेपाल के अपने सभी भाई-बहनों से विनम्र अपील करता हूं कि वे शांति-व्यवस्था बनाए रखें।”
आज दिनभरीको भ्रमणबाट फर्किएपछि सुरक्षा सम्बन्धी मन्त्रिपरिषद् समितिको बैठकमा नेपालको घटनाक्रमहरुको बारेमा विस्तृत छलफल भयो । नेपालमा भएको हिंसा हृदयविदारक छ । धेरै युवाहरुले आफ्नो ज्यान गुमाउनु परेकोमा मेरो मन अत्यन्तै विचलित छ । नेपालको स्थिरता, शान्ति र समृद्धि अत्यन्त…
— Narendra Modi (@narendramodi) September 9, 2025
नेपाल में बढ़ते जनाक्रोश का कारण क्या है?
नेपाल में बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्रतिबंध, महंगाई, और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बड़े पैमाने पर युवा वर्ग (Gen-Z) सड़कों पर उतर आया है। इन प्रदर्शनों ने धीरे-धीरे हिंसक रूप ले लिया, जिसमें अब तक 22 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 400 से ज़्यादा घायल बताए जा रहे हैं। राजधानी काठमांडू और अन्य शहरों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सरकार को सुरक्षा बलों की तैनाती करनी पड़ी है।
केपी शर्मा ओली ने दिया इस्तीफा, नई सरकार की कवायद शुरू
प्रदर्शनों के दबाव में आकर नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्हें सेना के हेलिकॉप्टर द्वारा सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अब नेपाल में नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट की पूर्व चीफ जस्टिस सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किए जाने की तैयारी की जा रही है।
भारत की सतर्क निगाहें
भारत के लिए नेपाल सिर्फ एक पड़ोसी ही नहीं बल्कि रणनीतिक और सांस्कृतिक रूप से गहरा जुड़ा हुआ देश है। ऐसे में नेपाल में अस्थिरता भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति दोनों के लिए चिंता का विषय है। प्रधानमंत्री मोदी की यह प्रतिक्रिया दर्शाती है कि भारत नेपाल की स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है और दोनों देशों के बीच शांति और स्थिरता बनाए रखने का पक्षधर है।