यूपी के मानसून सत्र में सीएम योगी ने बिना नाम लिए आजम खान और 2014 की बग्गी घटना का जिक्र किया, मुलायम सिंह यादव के अपमान का आरोप लगाया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान का नाम लिए बिना 11 साल पुरानी बग्गी वाली घटना का जिक्र किया और मुलायम सिंह यादव के अपमान का मुद्दा उठाया।
बगैर नाम लिए सीएम योगी का हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सरकार की ODOP (One District One Product) योजना की सराहना करते हुए कहा कि जब भी उनकी किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष या राजनयिक से मुलाकात होती है, वे उन्हें ODOP उत्पादों का तोहफा देते हैं। इससे यूपी के कारीगरों और हस्तशिल्पियों को आर्थिक लाभ होता है। लेकिन इसी दौरान उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा – “आप लोग जब रामपुर या सैफई महोत्सव मनाते थे, तब तो बर्मिंघम से बग्गी मंगाते थे। खुद को समाजवादी कहते हैं, लेकिन काम आपके राजसी थे। आपने नेता जी जैसे सरल स्वभाव के व्यक्ति को भी बदनाम कर दिया।”
योगी ने शिवपाल यादव का भी किया जिक्र
सीएम योगी ने शिवपाल सिंह यादव को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा – “शिवपाल नेताजी के उत्तराधिकारी थे, मगर बेचारे चच्चा, गच्चा खा गए।”
क्या थी 2014 की ‘बग्गी’ घटना?
नवंबर 2014 में समाजवादी पार्टी ने रामपुर में मुलायम सिंह यादव का 76वां जन्मदिन जोरशोर से मनाया था। इस मौके पर मुलायम सिंह को एक विदेशी बग्गी में बैठाकर जौहर यूनिवर्सिटी तक ले जाया गया था। उस समय बग्गी में अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और आयोजक आजम खान भी मौजूद थे। यह आयोजन आजम खान के निर्वाचन क्षेत्र रामपुर में किया गया था और इस पर विपक्ष ने भारी आलोचना की थी।