Bhool Chuk Maaf Movie Review: राजकुमार राव और वामिका गब्बी की फिल्म भूल चूक माफ एक हल्की-फुल्की फैमिली एंटरटेनर है। जानिए फिल्म की कहानी, एक्टिंग, डायरेक्शन और म्यूजिक के बारे में सब कुछ।
Bhool Chuk Maaf Movie Review in Hindi: राजकुमार राव और वामिका गब्बी की फिल्म भूल चूक माफ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। अगर आप भी एक ऐसी फिल्म की तलाश में हैं जिसे पूरे परिवार के साथ बिना झिझक देखा जा सके, तो ये फिल्म आपके लिए एकदम सही है। एक साफ-सुथरी फैमिली ड्रामा जो आपको हंसाएगी, एंटरटेन करेगी और एक अच्छा मैसेज भी देगी।
कहानी की झलक: जब शादी बन जाती है मिशन
फिल्म की कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है जिसकी शादी बार-बार किसी न किसी वजह से टल जाती है। लड़की के पिता की शर्त है कि लड़का सरकारी नौकरी में हो। जैसे-तैसे नौकरी का जुगाड़ होता है, लेकिन शादी फिर भी नहीं हो पाती। हर सुबह उसे लगता है कि आज हल्दी है, कल शादी… लेकिन ऐसा होता नहीं। क्यों? और उसका फेमस डायलॉग “भूल चूक माफ” क्या बताता है, ये जानने के लिए थिएटर जाएं।
फिल्म कैसी है?
यह एक फैमिली एंटरटेनमेंट फिल्म है जिसे आप बच्चों, बुजुर्गों और पूरे परिवार के साथ आराम से देख सकते हैं। फिल्म में ना कोई डबल मीनिंग डायलॉग हैं, ना ही कोई आपत्तिजनक सीन। दो घंटे की यह फिल्म हल्के-फुल्के अंदाज़ में आपको हंसाएगी और तनाव से थोड़ी राहत देगी।
यह कोई मास्टरपीस नहीं है, लेकिन ये भी नहीं कह सकते कि ये फिल्म खराब है। इसे एक सात्विक एंटरटेनर कहा जा सकता है, जो बिना किसी अश्लीलता के दर्शकों का मनोरंजन करती है।
अभिनय: राजकुमार और वामिका की जोड़ी शानदार
राजकुमार राव ने टाइम लूप में फंसे युवक का किरदार शानदार तरीके से निभाया है। उनके हाव-भाव और कॉमिक टाइमिंग लाजवाब हैं। वामिका गब्बी इस फिल्म की जान हैं – खूबसूरत, सशक्त और नेचुरल एक्टिंग से वो खूब प्रभावित करती हैं।
सीमा पाहवा, रघुवीर यादव, जाकिर हुसैन, संजय मिश्रा और प्रगति मिश्रा जैसे कलाकारों ने भी अपने-अपने किरदारों को जीवंत किया है। इश्तियाक़ खान की कॉमेडी टाइमिंग दर्शकों को खूब हंसाती है।
डायरेक्शन और राइटिंग: साफ-सुथरी सोच, सधी हुई स्क्रिप्ट
लेखक-निर्देशक करन शर्मा ने फिल्म को साफ-सुथरे ढंग से लिखा और निर्देशित किया है। हालांकि क्लाइमेक्स में थोड़ी और गहराई होती या स्क्रीनप्ले थोड़ा टाइट होता तो फिल्म और बेहतर हो सकती थी। फिर भी, फिल्म का फ्लो स्मूद है और निर्देशन सधा हुआ है।
म्यूजिक: तनिष्क बागची के गाने फिल्म को बनाते हैं खूबसूरत
फिल्म का संगीत अच्छा है। तनिष्क बागची के गाने कहानी में फिट बैठते हैं और आपको फिल्म से जोड़े रखते हैं। गाने ना तो जबरदस्ती डाले गए लगते हैं, ना ही इरिटेट करते हैं।
फाइनल वर्डिक्ट: फैमिली ऑडियंस के लिए परफेक्ट चॉइस
अगर आप एक पारिवारिक मनोरंजन फिल्म देखना चाहते हैं, जिसमें कॉमेडी, इमोशन और हल्का सा मैसेज हो – तो Bhool Chuk Maaf एक बेहतरीन विकल्प है। इसे थिएटर में देखना पैसे वसूल अनुभव होगा।
⭐ रेटिंग: 3.5/5 स्टार
For more news: Entertainment