राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के लिए आवेदन 10 अगस्त तक, 56000 वरिष्ठ नागरिक रेल और हवाई मार्ग से धार्मिक स्थलों की यात्रा पर जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन करें।
राजस्थान सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सम्मान के लिए ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025’ का शुभारंभ किया है। इस योजना के तहत प्रदेश के कुल 56,000 वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। इसमें 50,000 वरिष्ठ नागरिक रेल मार्ग से और 6,000 वरिष्ठ नागरिक हवाई मार्ग से तीर्थ यात्रा पर जाएंगे।
राज्य के देवस्थान विभाग के शासन सचिव श्री के. के. पाठक ने बताया कि योजना में शामिल होने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिक 10 अगस्त 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन देवस्थान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://devasthan.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध हैं।
यात्रा के लिए जिलेवार कोटा निर्धारित किया गया है। यदि किसी जिले से आवेदन संख्या कोटा से अधिक होती है, तो यात्रियों का चयन कंप्यूटराइज्ड लॉटरी (ड्रॉ ऑफ लॉट्स) के माध्यम से किया जाएगा। लॉटरी में चयनित यात्रियों की एक मूल सूची और प्रतीक्षा सूची दोनों बनाई जाएगी, ताकि कोई सीट खाली न रहे।
श्री पाठक ने यह भी बताया कि हवाई यात्रा के लिए यात्रियों का चयन सबसे पहले किया जाएगा, इसके बाद शेष आवेदकों में से रेल यात्रा के लिए चयन होगा। लॉटरी में आवेदनकर्ता के साथ उसके पति, पत्नी या सहायक को एक माना जाएगा और चयनित सीटों की संख्या में से घटाया जाएगा।
चयनित यात्रियों और प्रतीक्षा सूची को देवस्थान विभाग की वेबसाइट और संबंधित कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित किया जाएगा। साथ ही इसे विभिन्न माध्यमों से भी जानकारी दी जाएगी।