युद्ध नशे के विरुद्ध’ के अंतर्गत टांडा की चंडीगढ़ कालोनी में नशा तस्कर के अवैध निर्माण पर चला पीला पंजा
– स्थानीय निवासियों ने पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ कार्रवाई की सराहना की
होशियारपुर, 13 नवंबरः पंजाब सरकार की ओर से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए शुरू किए गए ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के अंतर्गत नशे के खात्मे और नशा तस्कर की ओर से किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए होशियारपुर व टांडा पुलिस ने संयुक्त अभियान के अंतर्गत टांडा की चंडीगढ़ कालोनी में हुए एक अनधिकृत निर्माण को आज ढहा दिया। यह अवैध निर्माण कमलेश पत्नी जीवन लाला निवासी वार्ड नंबर 11, चंडीगढ़ कालोनी की ओर से किया गया था।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए एस.पी (पी.बी.आई) मेजर सिंह ने बताया कि एस.एस.पी. होशियारपुर संदीप कुमार मलिक के निर्देशानुसार सिविल प्रशासन की उपस्थिति में कानूनी प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कमलेश रानी के खिलाफ अलग-अलग मामलों में एन.डी.पी.एस एक्ट के अंतर्गत कुल 16 मामले दर्ज है और इस समय यह तस्कर जेल में बंद है।
उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार के निर्देशों पर होशियारपुर पुलिस की ओर से नशे और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई को जारी रखा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दी जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी दी कि या तो नशा तस्करी छोड़कर कोई और काम कर लें, या सख्त से सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
उन्होंने बताया कि इन तस्करों से स्थानीय लोग बहुत परेशान थे, जिसके लिए उन्होंने पंजाब सरकार की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों ने कहा कि वे पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश में नशे को खत्म करने के लिए किए जा रहे इन प्रयासों का स्वागत करते हैं।